रायपुर। प्रदेश भर में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा बादल गरजने और बिजली चमकने जैसे एक्टिविटी भी जारी रहेगी। हालांकि आज (गुरुवार) मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
वहीं कल यानी 10 अक्टूबर के बाद से बारिश पर ब्रेक लग सकता है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे की बात करें तो कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई है, सबसे ज्यादा 40MM बारिश पेंड्रा रोड में हुई है।
तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री राजनांदगांव और सबसे कम तापमान 19.4 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। वहीं, सरगुजा में तापमान गिरने के साथ धुंध छाने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
अक्टूबर में अब-तक 109% ज्यादा बरसा पानी
इस बार अक्टूबर माह में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून लौट चुका होता है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
15 अक्टूबर के बाद मानसून लौटने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है।
फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देरी से।



