- प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत मरीजों को मिल रही राहत
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 6 अक्टूबर 2025। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (पीएमएनडीपी) के अंतर्गत जीवनधारा निःशुल्क डायलिसिस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है। इस सेवा से अब जिले के क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
चिकित्सकों ने बताया कि क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित मरीजों में खून की कमी, मूत्र में रक्त आना, पैरों एवं चेहरे में सूजन, थकान, उच्च रक्तचाप, अनिद्रा, भूख में कमी, त्वचा में खुजली, रात्रि में बार-बार पेशाब आना, मांसपेशियों में झनझनाहट, सांस लेने में तकलीफ, मूत्र में प्रोटीन आना और शरीर के वजन में अचानक बदलाव जैसे लक्षण पाए जाते हैं। ऐसे लक्षणों के दिखाई देने पर मरीजों को तुरंत जांच और उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचना चाहिए।
डॉक्टरों का कहना है कि यदि इन लक्षणों को नजरअंदाज किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है और मरीजों को हीमो डायलिसिस की आवश्यकता पड़ सकती है। इससे खून की कमी, तंत्रिका तंत्र की क्षति, त्वचा के रंग में बदलाव, हृदय संबंधी दिक्कतें और शरीर की प्रतिरोधक क्षमता में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत जिले में यह सेवा मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अब जरूरतमंद मरीज जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में ही निःशुल्क डायलिसिस सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।



