भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव इन दिनों न सिर्फ अपने गानों और फिल्मों की वजह से सुर्खियों में हैं, बल्कि अब राजनीति की गलियारों में भी उनका नाम गूंज रहा है।
खबर है कि खेसारी या उनकी पत्नी चंदा देवी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उतर सकते हैं।
चर्चा ज्यादा उनकी पत्नी के नाम पर है, जो मांझी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बन सकती हैं। लेकिन फिलहाल सुर्खियों का केंद्र खेसारी की आलीशान लाइफस्टाइल और उनकी भारी-भरकम संपत्ति है। आइए जानते हैं आखिर कितनी दौलत के मालिक हैं खेसारी लाल यादव, जो कभी सड़कों पर लिट्टी-चोखा बेचा करते थे।
खेसारी लाल यादव की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। बिहार के छपरा जिले के धानाडीह गांव में जन्मे खेसारी का बचपन बेहद संघर्ष भरा था। गरीबी इतनी थी कि उनके पिता मंगरू लाल यादव को कभी सिक्योरिटी गार्ड तो कभी सड़क पर चना बेचकर घर चलाना पड़ता था। उसी माहौल में पले-बढ़े खेसारी ने कभी हार नहीं मानी।
कभी स्टेज पर डांस कर लोगों का मनोरंजन करने वाले खेसारी ने अपने गानों से लोगों के दिलों में जगह बनाई। बाद में उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज उनका नाम भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सफलता का पर्याय बन चुका है।

खेसारी लाल यादव की नेट वर्थ: कितनी है कुल संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खेसारी लाल यादव की कुल संपत्ति 14 करोड़ रुपये से लेकर 20 करोड़ रुपये तक बताई जाती है। इससे वे भोजपुरी सिनेमा के सबसे अमीर सितारों में शामिल हो चुके हैं। उनकी हर फिल्म लाखों रुपये कमाती है, और वे एक फिल्म के लिए करीब 50 से 60 लाख रुपये फीस लेते हैं। वहीं स्टेज शो और इवेंट्स के लिए वे 10 से 15 लाख रुपये चार्ज करते हैं।
खेसारी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके गाने यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज बटोरते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर लाखों फॉलोअर्स हैं, जो हर पोस्ट का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी गाड़ियां
खेसारी लाल यादव आज शानदार जिंदगी जी रहे हैं। खेसारी लाल यादव के पास मुंबई और पटना में आलीशान फ्लैट हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में है। इसके अलावा उनके पास छपरा में पुश्तैनी घर भी है।
कारों की बात करें तो वे लैंड रोवर डिफेंडर और टोयोटा जैसी लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं। कभी मिट्टी के घर में पले खेसारी आज करोड़ों की गाड़ियों में घूमते हैं, ये उनके संघर्ष और सफलता की असली कहानी बयां करता है।



