भिलाई 05 अक्टूबर । सामाजिक संस्था कॉन्टेक्ट: कनेक्ट टू एक्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्तदान को समर्पित विशेष आयोजन किया जा रहा है। संस्था का 15वां वार्षिक रक्तदान शिविर आगामी रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को स्टील क्लब, सेक्टर-8, भिलाई में आयोजित होगा। यह शिविर प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक चलेगा। संस्था के प्रमुख संदीप झा ने ट्विन सिटी के सभी रक्तदाताओं से अपील की है कि वे इस “रक्तदान महायज्ञ” में बढ़-चढ़कर भाग लें और जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में अपनी आहुति दें।
आपका एक यूनिट रक्त किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। कॉन्टेक्ट द्वारा आयोजित यह शिविर हमेशा से ही अन्य शिविरों से भिन्न और विशेष रहा है। यह केवल एक रक्तदान शिविर नहीं बल्कि एक उत्सव की भांति लोग इसकी हर वर्ष प्रतीक्षा करते हैं। आयोजन के दौरान दंत परीक्षण जैसी स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी और बच्चों के लिए ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम में परिवारों की सहभागिता भी सुनिश्चित होगी।
रक्त संकलन में इस बार भी रेड क्रॉस ब्लड बैंक सहयोगी संस्था के रूप में सहभागी रहेगा। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस अवसर पर रक्तदान कर समाज सेवा में अपना योगदान दें और “आपका जुड़ाव ही बदलाव की शुरुआत है, रक्तदान कर मानवता की सेवा करें” के संदेश को सार्थक बनाएं।



