Vedant Samachar

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन ‘आघात’ : कुख्यात तस्कर रोहित यादव की 50 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

जशपुर,04 अक्टूबर 2025 (वेदांत समाचार)। नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत पुलिस ने कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख 64 हजार 653 रुपये कीमत की अवैध संपत्ति को SAFEMA कोर्ट, मुंबई के आदेश पर फ्रीज कराया है।

जप्त संपत्ति में मकान, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार शामिल हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रोहित यादव वर्ष 2013 से लगातार गांजा तस्करी में सक्रिय है। उसे अब तक कई बार भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्ष 2013 में 13 किलो, 2017 में 23 किलो, 2021 में 20 किलो और 2023 में 82 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था। सभी मामलों में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं।

जशपुर पुलिस ने इससे पहले मार्च 2025 में ग्राम हल्दीझरिया निवासी कुख्यात तस्कर हीराधर यादव की 1.38 करोड़ रुपये की संपत्ति को भी SAFEMA कोर्ट के आदेश पर फ्रीज कराया था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई गांजा तस्करी रोकने की दिशा में सख्त संदेश है। अवैध धंधे से कमाई गई संपत्ति जब्त होती रहेगी।

Share This Article