खेल अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण: हॉकी, तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स वर्ग के लिए होगा चयन राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में कोरबा जिले के 28 खिलाड़ी होंगे शामिल

कोरबा 6 अक्टूबर ( वेदांत समाचार) /रायपुर एवं बिलासपुर के खेल अकादमी में हॉकी, तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स खेलो के निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई बिलासपुर में राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। चयन ट्रायल का आयोजन सात से 13 अक्टूबर 2021 तक किया जाएगा। जिन खिलाड़ियों का चयन इस अकादमी के लिए होगा उसका पूरा खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन किया जाएगा। खेल अकादमी में प्रवेश पाने के लिए कोरबा जिले के 28 खिलाड़ी चयन ट्रायल में शामिल होंगे।

सभी खिलाड़ियों की आयु नौ से 17 वर्ष की है। कोरबा जिले से हॉकी में पांच-पांच, एथलेटिक्स में छह-छह तथा तीरंदाजी में तीन-तीन बालक-बालिका खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में शामिल किया जा रहा है। एथलेटिक्स एवं हॉकी के कुल 22 खिलाड़ी राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई बिलासपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। शेष खिलाड़ी 10 अक्टूबर को प्रशिक्षण केन्द्र में चयन ट्रायल के लिए रवाना होंगे।
प्रभारी खेल अधिकारी जिला खेल एवं युवा कल्याण कोरबा ने बताया कि खेल अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए कोरबा जिले से खिलाड़ियों के चयन के लिए 18 से 20 फरवरी 2021 तक जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया था। इस दौरान जिले से कुल 445 बालक-बालिका खिलाड़ी शामिल हुए थे। इन खिलाड़ियों में से हॉकी के 10-10, एथलेटिक्स के 12-12 तथा तीरंदाजी के छह-छह बालक-बालिकाओं का चयन किया गया था। चयनित खिलाड़ियों में से वरियता क्रम में हॉकी, एथलेटिक्स और तीरंदाजी के 28 खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में शामिल कराया जा रहा है।