अरविंद त्रिवेदी के निधन पर पीएम मोदी व सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली 6 अक्टूबर ( वेदांत समाचार)। रामानंद सागर के ऐतिहासिक मैथालॉकिल धारावाहिक `रामायण` के `रावण` अरविंद त्रिवेदी के निधन ने फैंस और मनोरंजन जगत के सितारों समेत बड़े-बड़े राजनेताओं को भी स्तब्ध कर दिया है। दिग्गज कलाकार के दुनिया से चले जाने पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पोस्ट कर दुख व्यक्त करते देखे गए हैं।

पीएम मोदी ने अरविंद त्रिवेदी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए लिखा,`हमने श्री अरविंद त्रिवेदी को खो दिया है, जो एक असाधारण एक्टर ही नहीं थे बल्कि वे जनसेवा को लेकर भी जुनूनी थे। भारत की आने वाली सभी पीढ़ियों के लिए वे अपने टीवी सीरियल रामायण में निभाए गए काम को लेकर याद किए जाएंगे। अरविंद त्रिवेदी के परिवार और फैंस के प्रति मेरी संवेदना।` इसी के साथ-साथ उन्होने अगले ट्वीट में `तारक मेहता का उल्टा चश्मा` के एक्टर घनश्याम नायक के निधन पर भी दुख जताया है।

अरविंद त्रिवेदी के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। साथ ही ट्वीट कर लिखा,`असाधारण अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का निधन अत्यंत दुःखद है। रामायण धारावाहिक में उनके उत्कृष्ट अभिनय को सदैव याद किया जाएगा। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।ॐ शांति!`

बता दें कि, बीती रात हार्ट अटैक की वजह से अरविंद त्रिवेदी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। अरविंद के निधन की पुष्टि उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने की है। जानकारी के मुताबिक, अरविंद त्रिवेदी का अंतिम संस्कार बुधवार को मुंबई के दहानुकरवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा। पर्दे से हटकर बात करें तो, वो साल 1991 में बीजेपी की टिकट पर सांसद बने और पांच साल तक पदभार संभालते देखे गए। त्रिवेदी ने 300 से ज्यादा गुजराती और हिंदी फिल्मों में काम किया था।