अभिनेता से नेता बने विजय की करुर ज़िले में हुई रैली में भगदड़ से 31 लोगों की मौत हो गई है.
तमिलनाडु सरकार के पूर्व मंत्री और स्थानीय विधायक सेंथिल बालाजी ने मीडिया को बताया कि हादसे में 31 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी हैं. हादसे के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने ज़िले में इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करने के लिए कहा है. हालांकि, कहा जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया है. मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”
तमिलनाडु के विपक्ष के नेता और एआईएडीएमके महासचिव के पलानीस्वामी ने एक्स पर लिखा, “करूर में तमिलगा वेट्री कड़गम पार्टी की चुनावी बैठक में, जहां उसके नेता विजय ने भाषण दिया, भीड़ की अफ़रा-तफरी के दौरान 29 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई और कई लोग बेहोश होकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं.”
उन्होंने लिखा, “यह ख़बर दुखद है. मैं अपनी गहरी संवेदनाएं और दुख उन परिवारों के प्रति व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजन खो दिए.”
तमिलगा वेट्री कड़गम के नेता विजय 27 सितंबर को करूर में चुनाव प्रचार कर रहे थे. इस दौरान उमड़ी भीड़ में कई लोग बेहोश हो गए. मिल रही रिपोर्टों के अनुसार पीड़ितों को करूर सरकारी अस्पताल के अलावा एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है.



