कोलकाता,25 सितम्बर। कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की जेबीसीसीआई- XI की मानकीकरण समिति (Standardization Committee) की छठवीं बैठक शुक्रवार को कोलकाता के एक होटल में शुरू हुई। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे से प्रस्तावित थी, लेकिन कुछ सदस्यों के विलंब से पहुंचने के कारण इसे शाम करीब 5 बजे प्रारंभ किया गया। बैठक की अध्यक्षता मानकीकरण समिति के चेयरमैन उदय ए. काओले कर रहे हैं।
बैठक की शुरुआत ठेका श्रमिकों के बोनस पर चर्चा से हुई। इसके बाद नियमित कोयला कामगारों को मिलने वाले पीएलआर (प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस) पर प्रबंधन की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। वर्ष 2024 में कोयला कर्मियों को 93 हजार 750 रुपये पीएलआर का भुगतान किया गया था। अब 2025 के लिए कितनी राशि तय होगी, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
यूनियनों की ओर से अलग-अलग राशि की मांग उठाई जा रही है। बैठक देर रात तक चलने की संभावना जताई जा रही है। इसमें बीएमएस, एचएमएस, सीटू, एटक और हाईकोर्ट के आदेश के तहत शामिल इंटक से संबद्ध नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के प्रतिनिधि मौजूद हैं।



