Vedant Samachar

अमृतधारा में स्वच्छता श्रमदान : जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से दिया स्वच्छता का संदेश…

Vedant Samachar
2 Min Read

एमसीबी ,23 सितम्बर (वेदांत समाचार)। स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों की सहभागिता से स्वच्छता श्रमदान कर लोगों से स्वच्छता हेतु अपील की जा रही है।

इसी क्रम में आज जिले के प्राकृतिक सौंदर्यता से आच्छादित अमृतधारा में जिले की पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, जनपद अध्यक्ष जानकी बाई कुसरो, जनपद सदस्य शाहनवाज अली, राज्य सलाहकार पुरुषोत्तम पांडा के साथ सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वच्छता श्रमदान कर आगंतुकों से स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने हेतु अनुरोध किया। पर्यटन धार्मिक स्थल हमारी धरोहर है, जिससे संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्यता को स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण कर स्वच्छ रखने की आवश्यकता है और इसको सहजने हेतु हर नागरिक की जिम्मेवारी है, ताकि मानव जीवन स्वस्थ और समृद्धि की ओर अग्रसर हो सके। स्वच्छता के अभाव में हम स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं कर सकते।

अपने उद्बोधन में श्रीमती पावले ने कहा कि हमें प्रकृति को सहेजने की आवश्यकता है, जिससे पर्यावरण एवं जल को स्वच्छ रखा जा सके और इसके लिए हर एक व्यक्ति को कृत संकल्पित होना पड़ेगा कि अपनी स्वच्छता की आदतों में बदलाव कर, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रतिबंध हेतु जागरूक करना आवश्यक है। हमें बाजार या राशन दुकानों पर कपड़े की थैली लेकर जाने की आवश्यकता है। प्लास्टिक अपशिष्ट से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है और मानव जीवन ही नहीं, पशु-पक्षी, जलीय जीव-जंतु संक्रमित होकर मौत के मुंह में समा रहे हैं। श्रमदान के दौरान मुख्य अतिथियों ने ग्राम पंचायत लाई की डोर टू डोर अपशिष्ट संग्रहण एवं पृथक्करण कार्य करने वाली सुनीता, प्रमिला, रीता, इंद्रावती, सुलेता, अनामिका को प्रशस्ति पत्र प्रदाय किया। श्रमदान में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के राज्य सलाहकार पुरुषोत्तम पांडा, अनुविभागीय अधिकारी लिंगराज सिदार, तहसीलदार समीर शर्मा, जनपद सीईओ वैशाली सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी विनोद पाण्डेय, जिला समन्वयक राजेश जैन, प्रभा प्यासी के साथ सरपंच, सचिव, सैकड़ों ग्रामीणजन एवं कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article