Vedant Samachar

फैंसी नंबर के नाम पर हुई लाखों की ठगी, आरोपी ने RTO का फर्जी अधिकारी बन दिया वारदात को अंजाम

Vedant Samachar
2 Min Read

हिमाचल,23 सितम्बर : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में फैंसी नंबर के नाम पर बड़ी ठगी की गई है। आरोपी ने RTO कार्यालय कुल्लू का फर्जी अधिकारी बनकर 1.80 लाख रुपये ठगे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित को वाहन के लिए फैंसी नंबर दिलाने का झांसा दिया गया था।

मनाली के शनाग निवासी मोहित यादव ने पुलिस को शिकायत में बताया कि आरिफ अली 7 दिसंबर 2022 से खुद को RTO कार्यालय में अधिकारी बता रहा था। उसने वाहन के लिए फैंसी नंबर दिलाने का झांसा दिया था। कुछ समय बाद आरोपी ने आधार कार्ड की हस्ताक्षर की हुई कापी मांगी। फिर उसने 1.80 लाख रुपये मांगे। मोहित यादव ने भी आरिफ के खाते में पैसे जमा करवा दिए।

कार्यालय में पता करने पर नहीं मिला आरिफ नाम का अधिकारी

जब मोहित को कई दिन तक नंबर नहीं मिला तो RTO कुल्लू से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि आरिफ नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नहीं है। इसके बाद आरिफ अली ने मोबाइल कॉल उठाना भी बंद कर दिया।

लेन-देन से पहले जरूर करें जांच पड़ताल : एसपी

एसपी डा. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लेन-देन से पहले जांच पड़ताल की जाए। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इससे धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उक्त फर्जी अधिकारी कहीं और लोगों के साथ तो ठगी नहीं की है। साथ ही कोई फर्जी काम तो नहीं किया है।

Share This Article