Vedant Samachar

कोलकाता में मूसलाधार बारिशः करंट लगने से 7 लोगों की मौत, जलभराव से हुआ ट्रैफिक जाम

Vedant Samachar
2 Min Read

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मंगलवार की रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से सात लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर रहें।

एयरपोर्ट पर पानी भरा, उड़ानों में देरी
कोलकाता के हवाई अड्डे के रनवे और टैक्सीवे पर भी पानी भर गया है। इस वजह से एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि उड़ानों में देरी हो सकती है।

एयर इंडिया ने यात्रियों से कहा है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति ऑनलाइन चेक करें और हवाई अड्डे के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय रखें। इंडिगो ने भी कहा कि भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण हवाई यात्रा प्रभावित हो सकती है।

यात्रियों हो सकती है दिक्कत
हवाई अड्डे की यह स्थिति उन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, जो दूसरे शहरों या देशों से दुर्गा पूजा मनाने अपने परिवार के पास आ रहे हैं।

‘कोलकाता में ऐसा जलभराव कभी नहीं देखा’
कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम ने कहा है कि उन्होंने कभी शहर में इतना पानी भरा नहीं देखा। उन्होंने बताया कि निगम प्रभावित लोगों के लिए खाने और रहने की व्यवस्था कर रहा है।

बिजली विभाग ने दी चेतावनी
कोलकाता इलेक्ट्रिक सप्लाई कॉरपोरेशन (CESC) ने लोगों से कहा है कि वे जलभराव वाली सड़कों और बिजली के खंभों से दूर रहें, ताकि कोई दुर्घटना न हो।

Share This Article