नारायणपुर, 22 सितम्बर। अभूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली। यहां हुई मुठभेड़ में सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति के दो शीर्ष सदस्य राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी मारे गए। दोनों पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन ने बताया कि छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ देर तक चली, जिसमें दो माओवादी कैडर ढेर हो गए। मौके से एके-47 राइफल, इंसास राइफल, बीजीएल लॉन्चर, भारी मात्रा में विस्फोटक, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारे गए दोनों माओवादी करीब तीन दशक से दंडकारण्य विशेष क्षेत्रीय समिति में सक्रिय थे और अनेक बड़ी हिंसक घटनाओं के मास्टरमाइंड रहे हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि केंद्रीय समिति के इन दो शीर्ष नेताओं का मारा जाना संगठन के लिए करारा झटका है। उन्होंने माओवादियों से अपील की कि वे हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ें और सरकार की आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ।



