दिल्ली-NCR और हरियाणा में अपराध के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया है। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की लगभग 40 टीमें कई कुख्यात गैंग्स जैसे टिल्लू ताजपुरिया गैंग, नीरज बवाना-राजेश बवाना गैंग, जितेंद्र उर्फ गोगी गैंग और काला जठेड़ी गैंग के सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई में जुटीं।
शाहबाद से मिली बड़ी सफलता
इस अभियान के तहत दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में गैंगस्टर्स के आर्थिक मददगार भगवान नामक एक व्यक्ति के ठिकाने पर विशेष छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि भगवान, जो एक किन्नर का पति है, गैंगस्टर्स के संपर्क में था और उन्हें वित्तीय सहयोग उपलब्ध करा रहा था। पुलिस ने उसके ठिकाने से ₹46 लाख नगद, लगभग 1.5 kg सोना,14 kg चांदी बरामद की है। भगवान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
गैंग्स के लिए हवाला और वसूली का शक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि भगवान के पास जमा संपत्ति का स्रोत संदिग्ध है और संभवतः यह रकम वसूली, ड्रग्स के अवैध कारोबार या हवाला चैनल के जरिए इकट्ठा किया गया है। इस पूरे मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है ताकि वित्तीय स्रोतों की विस्तृत जांच की जा सके।
FIR दर्ज, मनी ट्रेल की जांच शुरू
अब तक इस छापेमारी अभियान के दौरान कई FIR दर्ज की गईं हैं और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि बरामद नगद राशि और धातुओं की मनी ट्रेल यानी पैसे के स्रोत और इस्तेमाल की जांच की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा ऑपरेशन
दिल्ली पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित विशेष टीमों को राजधानी और NCR के अन्य हिस्सों में भी गैंगस्टर नेटवर्क और उनके आर्थिक आधार पर निगरानी के आदेश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले दिनों में और भी ठिकानों पर छापेमारी की जाएंगी।
इस व्यापक अभियान के जरिए पुलिस ने यह स्पष्ट संकेत दे दिया हैं कि गैंगस्टर नेटवर्क, उनकी फाइनेंसिंग और अवैध सहयोगियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कहीं भी छुपे हों।



