Vedant Samachar

शिक्षक के लाखों रुपए के फर्जी मेडिकल बिल और सील मामले में आई जांच रिपोर्ट…बिल्हा बीईओ, शिक्षक साधेलाल पटेल सहित कार्यालय कर्मचारी को भी माना दोषी…

Vedant Samachar
6 Min Read

बिलासपुर,19 सितम्बर (वेदांत समाचार)। शिक्षा विभाग के बिल्हा ब्लाक में फर्जी मेडिकल बिल के आधार पर 30 लाख रुपए निकालने के मामले में देर से ही सही,जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में बिल्हा ब्लाक में पदस्थ शिक्षक और संकुल समन्वयक साधे लाल पटेल के साथ ही तत्कालीन विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा पर नियमानुसार कार्यवाही करने की अनुशंसा की गई है। बीईओ आफिस के कर्मचारियों को भी दोषी माना गया है। साथ ही संबंधितों से 6 लाख 74 हजार 70 रुपए वसूली करने भी कहा है।

क्या है मामला..?
दरअसल बिल्हा ब्लॉक में पदस्थ संकुल समन्वयक शिक्षक साधे लाल पटेल ने अपने और परिजनों के
नाम पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिल्हा में 30 लाख का फर्जी मेडिकल बिल जमा किया था। मेडिकल बिल को विभाग ने राज्य कार्यालय को फारवर्ड कर राशि भी मंगा ली थी, मगर भुगतान होता इसके पहले ही शिकायत हो गई और कुछ बिल को रोक दिया गया।

शिकायत के बाद कलेक्टर बिलासपुर के निर्देश पर मामले में जांच कमेटी बनाई गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से बिल जारी करने की पुष्टि हेतु पत्र लिखा गया।

इस मामले की जांच के दौरान शिल्पा शर्मा (कार्यालय सहा ग्रेड 3 वि.खं.शि.अधि. बिल्हा) की ओर से कहा गया है कि साधेलाल पटेल (शिक्षक संकुल समन्वयक) द्वारा भुगतान हेतु बिल को जिला कोषालय बिलासपुर प्रेषित किए जाने हेतु काफी दबाव डाला गया। सभी देयक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिल्हा द्वारा स्वीकृत तो किए गए लेकिन भुगतान हेतु कोषालय में प्रस्तुत नहीं किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने की FIR की अनुशंसा
जांच में एक बात निकल कर सामने आई है कि इस तरह का कोई बिल स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी ही नहीं किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले में एफआईआर की अनुशंसा भी की गई है लेकिन शिक्षा विभाग के जिम्मेदार आला अधिकारी अपने इस चहेते शिक्षक को बचाने में लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अपने प्रतिवेदन में साफ तौर से कहा है कि एक भी बिल उनके द्वारा जारी नहीं किया गया है और किसी में हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं। सभी कूटरचित और फर्जी दस्तावेज है जिसने फर्जी सील और हस्ताक्षर किए गए हैं

शिक्षक ने जमकर किया खेल
खास बात है कि आरोपी शिक्षक ने अपने और अपनी पत्नी, अपने साले (एक जीवित, एक मृत) के नाम पर बिल लगाकर पूरा खेल खेला है।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि शिक्षक ने जिस वक्त अपने आपको बीमार बताकर इलाज का बिल पेश किया है, उस वक्त ड्यूटी में भी उपस्थित था। शिकायत पत्र के अनुसार साधेलाल पटेल 29 अगस्त 2024 को जिला चिकित्सालय से स्वीकृत बिल कार्यालय में प्रस्तुत किया है, जिसके अनुसार 77,564 रुपए की राशि उसके द्वारा इलाज पर खर्च की गई है, जिस बिल को शिक्षक साधेलाल पटेल ने जमा किया है वह बिल मूल रूप से शिक्षक असीम वर्मा का है, जिसको कूटरचित कर प्रस्तुत किया गया है।

बिलों को एडिट कर रकम बढ़ाई गई
इसी प्रकार साधे लाल ने अपने परिचित उमाशंकर चौधरी का 27 अगस्त 2024 को 5 लाख 42 हजार 535 रुपए का दिल प्रस्तुत किया है जो कि मूल रूप से असीम वर्मा का है और कुल बिल एक लाख 43,000 रुपए का हो है। इसी तारीख को स्वीकृत एक और बिल राजकुमारी पटेल का है जो 4 लाख 3 हजार 327 रुपए का है जबकि मूल रूप से यह बिल 47 हजार का है।

इसी प्रकार एक बिल स्व नरेंद्र कुमार चौधरी के नाम से 5 लाख 33 हजार 123 रुपए का प्रस्तुत किया गया है। यह बिल जिला चिकित्सालय से 18 जनवरी 2022 को पास किया जाना बताया गया है, जबकि मूल रूप से यह बिल 32 हजार रुपए का है।

इसके साथ ही राजकुमारी पटेल के नाम से 7 लाख 32 हजार 841 रुपए का फर्जी बिल प्रस्तुत किया गया है। यह बिल भी जिला अस्पताल ने जारी नहीं किया है।

इस मामले में दो सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था। जांच कमेटी में हायर सेकेंडरी स्कूल बैमा नागोई के प्राचार्य एस के कश्यप व हायर सेकेंडरी स्कूल सरकंडा के लिपिक धनश्याम दुबे शामिल थे।

जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर, विजय तांडे ने बताया कि जांच रिपोर्ट के साथ ही स्वास्थ्य विभाग का भी प्रतिवेदन मिल गया है। कार्यवाही करना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है उच्च अधिकारी को जांच प्रतिवेदन भेज दिया जाएगा। फिलहाल शिकायतकर्ता सहित सबकी निगाहें अब जेडी के फैसले पर टिकी हुई है।

Share This Article