Vedant Samachar

अन्विता का भरोसा दाँव पर: ‘इत्ती सी ख़ुशी’ में विराट की छुपी पहचान हुई उजागर, क्या अन्विता संभाल पाएगी सच्चाई?

Vedant samachar
3 Min Read

मुंबई, 18 सितंबर 2025: सोनी सब का शो ‘इत्ती सी ख़ुशी’ अन्विता (सुम्बुल तौकीर खान) और उसके भाई-बहनों की कहानी है, जो जीवन की कठिनाइयों में भी हिम्मत और उम्मीद के साथ एक-दूसरे का साथ निभाते हैं। एक गैर-जिम्मेदार पिता सुहास (वरुण बडोला) लापरवाही से परिवार को कर्ज के जाल में फँसा देता है और इसके चलते अन्विता को कम उम्र में ही बड़े-बड़े दायित्व उठाने पड़ते हैं। हाल के एपिसोड्स में सुहास के कारनामे परिवार को खतरे में डाल देते हैं, जिससे अन्विता और बच्चे गुंडों से बचने के लिए उसकी नकली मौत का नाटक रचते हैं। यह मज़ेदार लेकिन तनावपूर्ण योजना परिवार को थका देती है, जबकि अन्विता का भाई बंड्या (अथर्व पाध्ये) चुपचाप कठिनाइयों से भरी नौकरियाँ करके उनका सहारा बनता है। इन्हीं संघर्षों के बीच अन्विता और विराट (रजत वर्मा) की बढ़ती नज़दीकियाँ उसे ख़ुशी का अहसास दिलाती हैं, लेकिन विराट का एक ऐसा राज़ भी है, जो सब कुछ बदल सकता है।

आने वाले एपिसोड्स में विराट को बच्चों और अन्विता के और भी करीब आते हुए देखा जाएगा, लेकिन अन्विता की छोटी बहन चिड़िया (आयेशा विंधारा) को उस समय शक हो जाएगा, जब वह विराट के फोन पर ‘उर्वशी’ नाम देखेगी। इसके बाद आप देखेंगे कि सच जानने के इरादे से चिड़िया चोरी-छिपे बांद्रा तक विराट का पीछा करती है और वहाँ एक चौंकाने वाली सच्चाई सामने आती है: विराट की असली पहचान ‘रोहित’ और उसकी माँ उर्वशी परिख से उसका रिश्ता। लेकिन, इससे पहले कि अन्विता पूरी सच्चाई जान सके, वह चिड़िया और विराट के बीच हो रही एक तनावपूर्ण बातचीत सुन लेती है। क्या यह पल आखिरकार विराट पर उसका भरोसा तोड़ देगा, या वह अभी कुछ समय तक अपना राज़ छुपाने में सफल हो जाएगा?

इत्ती सी खुशी में अन्विता दिवेकर की भूमिका निभा रहीं सुम्बुल तौकीर खान (अन्विता दिवेकर) ने शो में इस चौंकाने वाले मोड़ के बारे में बात करते हुए कहा, “अन्विता हमेशा अपने परिवार की ताकत रही है, लेकिन यह पल उसे व्यक्तिगत रूप से भीतर तक झकझोर देता है। तमाम संघर्षों के बावजूद उसने अपने लिए भी एक जीवन जीने का सपना देखा था और विराट में उसे सुकून मिला। लेकिन, सवाल यह है कि क्या विराट का राज़ उसका भरोसा तोड़ देगा और वह इस भावनात्मक झटके से कैसे निपटेगी? दर्शक इसी को देखेंगे और उससे जुड़ाव महसूस करेंगे, क्योंकि वे अन्विता की इस यात्रा को देखना पसंद कर रहे हैं।”

देखिए ‘इत्ती सी खुशी’, सोमवार से शनिवार, रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर

Share This Article