Vedant Samachar

कोरबा में नवरात्रि पर्व की तैयारी तेज, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने जुटी पुलिस

Vedant samachar
4 Min Read

0.श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बनाई विशेष ट्रैफिक योजना

कोरबा,18 सितम्बर (वेदांत समाचार)। औद्योगिक नगर कोरबा में शारदीय नवरात्र पर्व 22 सितंबर से शुरू हो रहा है। इस अवसर पर नगर और उपनगरीय क्षेत्रों में पूजा समितियां पंडालों की सजावट और आदिशक्ति की प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियों में जुटी हुई हैं। परंपरा के अनुरूप नगर के उत्तर और मध्य क्षेत्र में प्रतिमा स्थापना प्रथम दिन की जाएगी, जबकि पूर्व क्षेत्र में प्रतिमा स्थापना षष्ठी तिथि को होगी। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडालों तक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर यातायात दबाव कई गुना बढ़ जाता है। इस भीड़ के बीच आम नागरिकों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने अग्रिम तैयारी शुरू कर दी है।

जाम की समस्या पर विशेष नजर

ट्रैफिक पुलिस ने उन इलाकों को चिह्नित किया है, जहां प्रतिदिन दोपहर और शाम के समय जाम की स्थिति बन जाती है। इन स्थानों पर भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है। इसके लिए एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी तेज सिंह यादव, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन स्थलों का जायजा लिया, जहां नवरात्रि उत्सव के दौरान विशाल पंडाल सजाए जाते हैं और वहां से गुजरने वाला यातायात अक्सर प्रभावित होता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय पूजा समितियों से भी चर्चा की, ताकि सड़कों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग जैसी समस्याओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

ट्रैफिक व्यवस्था की रूपरेखा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए ठोस विकल्प अपनाए जाएंगे। इसके तहत वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किए जा रहे हैं, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, पार्किंग व्यवस्था को स्पष्ट और नियंत्रित करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिले। असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर ने कहा, “नवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता है। भीड़ वाले इलाकों की पहले ही पहचान कर ली गई है। वहां अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जाएगी। वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की गई है। हम चाहते हैं कि श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन शांति और सुविधा के साथ कर सकें, बिना किसी ट्रैफिक जाम या असुविधा का सामना किए।”

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि

जिला पुलिस का स्पष्ट कहना है कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसलिए प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम समन्वय के साथ कार्य कर रही है। नवरात्र पर्व के दौरान जहां भक्ति और उत्साह का वातावरण होगा, वहीं यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ और अनुशासित रहे, इसके लिए पुलिस ने कमर कस ली है।

Share This Article