Vedant Samachar

शाहरुख को थप्पड़ मारा, आमिर से हुआ झगड़ा, सलमान करना चाहते थे शादी, कौन है ये एक्ट्रेस?

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंबई : आज हम आपको बॉलीवुड की एक ऐसी हसीना के बारे में बता रहे हैं, जिसने कभी शाहरुख खान को थप्पड़ जड़ दिया था. आमिर खान के साथ भी उनका झगड़ा हो गया था और दोनों ने सालों तक बातचीत नहीं की थी. जबकि सलमान खान इस एक्ट्रेस से शादी करना चाहते थे. ये एक्ट्रेस 80 और 90 के दशक की मशहूर अदाकारा हैं और अब भारत की सबसे रईस अभिनेत्री हैं. अब आप समझ ही गए होंगे कि यहां बात हो रही है जूही चावला की.

शाहरुख खान को जड़ा था थप्पड़
फिल्म ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ के सेट पर एक बार जब आग का गोले वाला सीन फिल्माया जाना था तो शाहरुख खान इसके लिए बेहद एक्साइटेड थे. हालांकि बताया जाता है कि जूही को इस सीन के बारे में पता नहीं था. जब सीन शूट होना शुरू हुआ और आग का गोला जूही के पास से निकला तो एक्ट्रेस काफी डर गई थीं. इसके बाद गुस्से में उन्होंने शाहरुख को थप्पड़ मार दिया था. शूटिंग छोड़कर एक्ट्रेस सेट से चली गई थीं. लेकिन, शाहरुख उन्हें मनाकर वापस ले आए थे.

आमिर खान से भी हुआ था झगड़ा
आमिर खान ने अपने करियर की शुरुआत ही जूही चावला के साथ की थी. दोनों साल 1988 की पिक्चर ‘कयामत से कयामत तक’ में नजर आए थे. ये आमिर की पहली फिल्म थी. इसके बाद भी दोनों ने कई फिल्मों में काम किया था. हालांकि फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ की शूटिंग के वक्त दोनों के बीच झगड़ा हो गया था. दरअसल, शूटिंग के वक्त आमिर ने जूही को पानी में धक्का दे दिया था. जूही आमिर की इस हरकत से नाराज हो गई थीं और उनसे लंबे समय तक बातचीत नहीं की थी.

सलमान खान करना चाहते थे शादी
शाहरुख खान और आमिर खान दोनों ने ही जूही चावला के साथ फिल्में की हैं, लेकिन बड़े पर्दे पर कभी भी सलमान खान और जूही की जोड़ी नजर नहीं आई. हालांकि कई फैंस को ये जानकर हैरानी हो सकती है कि कभी सलमान, जूही पर फिदा हो गए थे. वो एक्ट्रेस से शादी भी करना चाहते थे और रिश्ता लेकर वो जूही के पिता से बात करने चले गए थे. हालांकि जूही के पिता ने इनकार कर दिया था.

Share This Article