नई दिल्ली ,16 सितंबर: आज जिस अभिषेक शर्मा के आतंक से दुनिया भर के गेंदबाज कांप जाते हैं, उन्हें बनाने वाले हैं युवराज सिंह. जी हां, बाएं हाथ के वहीं खिलाड़ी, जो अपने दौर के सिक्सर किंग थे. जिन्होंने 6 गेंदों पर 6 छक्के मारकर इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड का बुखार छुड़ा दिया था. और, जो भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे. अब उसी ढर्रे पर उनके चेले अभिषेक शर्मा भी चल पड़े हैं. चेला इसलिए क्योंकि अभिषेक को बनाने, उनकी बल्लेबाजी को निखारने वाले युवराज ही हैं. और, अब अभिषेक ने नाम भी अपने गुरु जैसा ही किया है.
गुरु की राह चला चेला
अभिषेक शर्मा सिक्सर किंग बन गए हैं, वो भी अपने T20 इंटरनेशनल करियर की पहली 18 पारियों में ही. इस दौरान बाएं हाथ के विस्फोटक भारतीय ओपनर ने जितने छक्के मारे हैं, उनसे आगे उस कतार में कोई और नहीं है. ऐसे में उन्हें सिक्सर किंग कहा जाए तो गलत नहीं होगा. तो बताइए किया है ना चेले ने अपने गुरु यानी कि युवराज सिंह के जैसा काम.
18 पारियों में बन गए सिक्सर किंग
अब सवाल है कि अभिषेक शर्मा ने अपने T20I की पहली 18 पारियों में कितने छक्के लगाए हैं? T20 इंटरनेशनल में पहली 18 पारियों के बाद अभिषेक शर्मा ने कुल 46 छक्के जड़े हैं. इस मामले में वो वेस्टइंडीज के एविन लुईस के साथ संयुक्त तौर पर नंबर वन हैं. लुईस के भी 18 T20I पारियों के बाद 46 छक्के ही हैं.
कमाल की बात ये है कि अभिषेक शर्मा अगर नंबर वन हैं तो उनके गुरु यानी युवराज सिंह भी ज्यादा पीछे नहीं रहे हैं. युवराज सिंह ने T20 इंटरनेशनल की 18 पारियों में 38 छक्के लगाए हैं और वो लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. वहीं अफगानिस्तान के हजरतुल्लह जजई 45 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
T20I की पहली 18 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल और केएल राहुल संयुक्त तौर पर 5वें स्थान पर हैं. दोनों के 34 छक्के हैं. वहीं इनसे 1 छक्के ज्यादा मारकर अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं.



