Vedant Samachar

Delhi Premier League 2025: खुशखबरी! T20 लीग के शेड्यूल का हुआ ऐलान, इस दिन से खेला जाएगा मैच

Vedant samachar
3 Min Read

दिल्ली में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर खुशखबरी है। राजधानी में घरेलू क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 फिर से लौट रही है और इस बार मुकाबले पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक होने वाले हैं। DPL 2025 का आगाज 2 अगस्त से पुरुष वर्ग के मैचों के साथ होगा, जबकि महिला लीग 17 अगस्त से शुरू होगी।

2 अगस्त से शुरू, 31 अगस्त तक चलेगा मेन्स टूर्नामेंट

DPL 2025 में मेन्स कैटेगिरी की टीमें दो ग्रुपों में बंटी होंगी ग्रुप ए और ग्रुप बी।

ग्रुप ए: आउटर दिल्ली वॉरियर्स, सेंट्रल दिल्ली किंग्स, न्यू दिल्ली टाइगर्स और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स।

ग्रुप बी: वेस्ट दिल्ली लायंस, ईस्ट दिल्ली राइडर्स, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज और पुरानी दिल्ली 6।

बता दें कि हर टीम को अपने ग्रुप की तीनों टीमों के खिलाफ दो-दो और दूसरे ग्रुप की चारों टीमों से एक-एक मुकाबला खेलना होगा। इस तरह हर टीम कुल 10 मैच खेलेगी।

ऐसे तय होंगे फाइनलिस्ट:

बता दें कि अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें क्वालीफायर 1 में आमने-सामने होंगी। विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। तीसरे और चौथे स्थान की टीम एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी, जिसमें हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी। एलिमिनेटर की विजेता टीम को क्वालीफायर 1 की हारी हुई टीम से भिड़ना होगा और उसकी विजेता टीम फाइनल में प्रवेश करेगी। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला 31 अगस्त को खेला जाएगा।

महिलाओं की लीग भी होगी आकर्षण का केंद्र

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से DPL 2025 में महिला वर्ग का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 17 अगस्त से होगी। चार टीमों के बीच राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में मुकाबले होंगे, जहां हर टीम दो-दो बार एक-दूसरे से भिड़ेगी। शीर्ष दो टीमें सीधे 24 अगस्त को फाइनल खेलेंगी। ऐसे में इस प्लेटफॉर्म से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर पर पहुंचने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

दिल्ली प्रीमियर लीग का यह दूसरा सीजन राजधानी के उभरते क्रिकेट सितारों के लिए एक मजबूत मंच साबित होगा। DPL न सिर्फ दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पटल पर लाने का अवसर देता है, बल्कि क्रिकेट के जुनून को भी नई ऊर्जा देता है।

Share This Article