Vedant Samachar

बीजापुर में सुरक्षा और विकास की नई मिसाल: उल्लूर और चिल्लामरका में सुरक्षा कैम्प की स्थापना…

Vedant Samachar
3 Min Read

बीजापुर,14सितंबर (वेदांत समाचार)। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के सुदूरवर्ती ग्राम उल्लूर (09 सितम्बर) और चिल्लामरका (11 सितम्बर) में सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प स्थापित किए गए हैं। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना “नियद नेल्ला नार” के तहत ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

दुर्गम क्षेत्र में साहसिक उपलब्धि

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कैम्प स्थापित किए। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम केवल सुरक्षा की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि विकास की गति को भी सशक्त करेगा।

अंतर्राज्यीय सम्पर्क का नया आयाम

इन कैम्पों के माध्यम से भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली तक संपर्क का मार्ग मजबूत होगा। आने वाले समय में नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामों को सड़क, पुल-पुलिया और अन्य सुविधाओं से जोड़ने का रास्ता आसान होगा।

सुरक्षा के साथ विकास

सुरक्षा कैम्पों के आसपास के ग्रामीणों को अब स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, पीडीएस दुकानें, मोबाइल नेटवर्क और सड़क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे नक्सलियों की अंतर्राज्यीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

नक्सल उन्मूलन में बड़ी सफलता

बीजापुर जिले में वर्ष 2024 से अब तक कुल 36 सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन प्रयासों के चलते 496 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, 193 मारे गए हैं और 900 की गिरफ्तारी हुई है। इसे नक्सल विरोधी अभियान की रणनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

प्रशासनिक नेतृत्व की भूमिका

इस अभियान को सफल बनाने में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., केरिपु ऑप्स के आईजी शालिन, दंतेवाड़ा रेंज के डीआईजी कमलोचन कश्यप, केरिपु बीजापुर रेंज के डीआईजी बी.एस. नेगी, बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन और सहयोग रहा।

ग्रामीणों में उत्साह

सुरक्षा कैम्प की स्थापना से स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र में शांति और स्थायित्व आएगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।

तेज़ी से बढ़ती विकास की रफ्तार

“नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत अब तक जिले में 36 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित हो चुके हैं। इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल टावर और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है।

Share This Article