Vedant Samachar

इससे ज्यादा बेइज्जती क्या होगी? बाबर आजम की जगह हॉन्ग कॉन्ग के खिलाड़ी को मिला इस टीम में मौका

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,11सितम्बर : लगता है बाबर आजम के सितारे वाकई गर्दिश में हैं. उनका समय विपरीत चल रहा है. जरा सोचिए ना, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान क्या अब इस काबिल भी नहीं कि उन्हें बल्लेबाज के तौर पर किसी टीम में जगह मिले? और, क्या वो इतने खराब बल्लेबाज हैं कि उनसे आगे किसी टीम में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाड़ी को मौका दे दिया जाए? लेकिन, ऐसा हुआ है. एशिया की जो ऑलटाइम T20 इंटरनेशनल टीम चुनी गई है, उसमें बाबर आजम का नाम नदारद हैं. इस टीम को ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने चुना है.

ऑल टाइम एशियन T20I टीम में बाबर आजम नहीं
ब्रेट ली ने एशिया के सभी क्रिकेट प्लेइंग नेशन को मिलाकर कुल 12 खिलाड़ी अपनी टीम में रखे हैं. लेकिन, उनमें बाबर आजम मिसिंग हैं. ब्रेट ली ने पाकिस्तान से 2 खिलाड़ियों को ही अपनी ऑल टाइम एशियन T20 इंटरनेशनल टीम में शामिल किया है, जिनमें एक नाम मोहम्मद रिजवान का है तो दूसरा हारिस रऊफ का. अब ऑलटाइम एशियन T20I टीम में नंबर 4 पर जहां टीम में बाबर आजम का नाम होना चाहिए था, वहां पर ब्रेट ली ने बाबर को रखा तो हैं, पर वो पाकिस्तान वाले बाबर आजम नहीं बल्कि हॉन्ग कॉन्ग के बाबर हयात हैं. ब्रेट ली की बनाई इस टीम में शामिल होने वाले हॉन्ग कॉन्ग से बाबर हयात इकलौते खिलाड़ी हैं.

ब्रेट ली की टीम में सबसे ज्यादा भारत के खिलाड़ी
ब्रेट ली ऑलटाइम एशियन T20I टीम में सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ी भारत से चुने गए हैं. भारत की ओर से विराट कोहली और रोहित शर्मा को टीम में ओपनर के तौर पर चुना गया है. धोनी और पंड्या मिडिल ऑर्डर में हैं. जबकि जसप्रीत बुमराह को ब्रेट ली ने गेंदबाजी के मोर्चे पर रखा है.

श्रीलंका और अफगानिस्तान से ज्यादा UAE के खिलाड़ी
हैरत की बात ये है कि ब्रेट ली की बनाई ऑलटाइम एशियन T20I टीम में श्रीलंका और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के मुकाबले UAE का दबदबा है. श्रीलंका से जहां वानिंदु हसारंगा और अफगानिस्तान से राशिद खान को ही जगह मिली है. वहीं UAE से अमजद जावेद और मोहम्मद नाविद शामिल होने वाले दो खिलाड़ी हैं. यूएई के ये दोनों खिलाड़ी गेंदबाज हैं.

Share This Article