नई दिल्ली,10सितम्बर : एशिया कप 2025 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत यूएई के खिलाफ करेगी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में एक युवा टीम खिताब को बचाने के लिए तैयार है. इस बार विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है. इसके बावजूद भारतीय टीम का स्क्वॉड बाकी टीमों के मुकाबले काफी मजबूत नजर आ रहा है. टीम इंडिया में एक से बढ़कर एक टी20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ी हैं, जिसने पड़ोसी देश पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों को भी हैरान कर दिया है. खासकर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का भारत की इस मजबूत टीम को देखकर दिया गया रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
भारत की टीम को देखकर डर गए शोएब अख्तर
इस बार टीम इंडिया में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है. इस टीम में अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, सूर्यकुमार यादव, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे नाम शामिल हैं. इस ताकतवर स्क्वॉड को देखकर शोएब अख्तर भी टीम की तारीफ करने से नहीं रुक सके. दरअसल, यूएई के खिलाफ भारत के पहले मैच से पहले, शोएब अख्तर , मिस्बाह-उल-हक, शोएब मलिक और उमर गुल जैसे दिग्गज एक पाकिस्तानी न्यूज शो में एक साथ नजर आए और यह देखकर दंग रह गए कि मौजूदा भारतीय टीम कितनी मज़बूत है.
शोएब अख्तर ने टीम इंडिया पर अपनी राय रखते हुए कहा, ‘अच्छा, अभिषेक भी आ गया, बूमराह भी है, संजू सैमसन भी है, आख़िरकार तिलक भी. हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह भी हैं, शुभमन हैं, सूर्या हैं, शिवम दुबे, अपना अक्षर पटेल. यार, ये किस को बाहर बिठाएंगे?.’
अख्तर ने भारत-यूएई मैच पर क्या कहा?
शोएब अख्तर का मानना है कि टीम इंडिया इस मैच में यूएई को आसानी से हरा देगी. शोएब अख्तर ने कहा, ‘देखिए, हम जानते हैं कि वह (UAE) हारने वाले हैं. मुझे लगता है कि थोड़े से अंतर से हारना यूएई के लिए जीत होगी. यह मेरी शिकायत हांगकांग से है, जो कल शाम अफगानिस्तान से 94 रनों से हार गया. आपको हारना ही था, कम से कम करीबी अंतर से तो हारना ही था. ताकि आपको कुछ मिले. थोड़ी लड़ाई तो दिखाओ.’



