नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इतिहास रचने से बस एक कदम दूर है। रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। अगर टीम इंडिया यह मैच जीत जाती है, तो बीसीसीआई (BCCI) की ओर से महिला खिलाड़ियों को 125 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बीसीसीआई हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को पुरुष टीम के बराबर इनाम देने की योजना बना रहा है। यह कदम भारतीय क्रिकेट में लैंगिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा। बोर्ड पहले ही पुरुष और महिला क्रिकेटरों के लिए समान मैच फीस नीति लागू कर चुका है और अब प्रदर्शन आधारित पुरस्कारों पर भी यही सिद्धांत लागू करने की तैयारी में है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यदि भारतीय महिला टीम विश्व कप जीतती है, तो उन्हें पुरुष टीम की तरह ही 125 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर पुरुष टीम को भी इतनी ही राशि का इनाम मिला था।
2017 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में हुए महिला विश्व कप फाइनल में नौ रनों से हार का सामना किया था। तब खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये का इनाम दिया गया था। इस बार जीत की स्थिति में यह इनामी राशि दस गुना बढ़ सकती है।
हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह जैसी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ने जेमिमा रोड्रिग्स की नाबाद 127 रनों की पारी की बदौलत 341 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
अब सबकी निगाहें रविवार के फाइनल पर हैं, जहां जीत के साथ भारतीय महिला टीम न केवल अपना पहला विश्व कप खिताब जीत सकती है, बल्कि क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ सकती है।



