Vedant Samachar

इजराइल में हुए हमले पर PM Modi ने दी प्रतिक्रिया, इजराइली प्रधानमंत्री ने किया धन्यवाद

Vedant Samachar
4 Min Read

इजराइल की राजधानी यरुशलम सोमवार को उस वक्त दहल गई जब उत्तरी यरुशलम के रामोट जंक्शन स्थित एक व्यस्त बस स्टॉप पर दो फिलिस्तीनी हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस भीषण आतंकी हमले में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं। हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन इजराइली प्रशासन ने इसे “इस्लामी कट्टरपंथियों की सुनियोजित साजिश” बताया है।

PM Modi ने दी प्रतिक्रिया

इजराइल में हुए हमले पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “आज यरुशलम में निर्दोष नागरिकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा करता है और आतंकवाद के प्रति अपनी शून्य सहनशीलता की नीति पर अडिग है।”

इजराइल के प्रंधानमंत्री नेतन्याहू ने किया धन्यवाद

इजराइल के प्रंधानमंत्री नेतन्याहू ने भारतीय प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए लिखा, “धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इज़राइल के साथ खड़े होने और हम सभी के लिए ख़तरा बने आतंक के अभिशाप के ख़िलाफ़ खड़े होने के लिए।”

कैसे हुआ हमला?
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह के व्यस्त समय में जब यात्री अपने गंतव्यों के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी दो हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।हमलावरों ने बस में सवार और बाहर खड़े यात्रियों को निशाना बनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आतंकवादियों को मौके पर ही मार गिराया।

इजराइली नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया
इजराइल सरकार ने इस हमले को लेकर कड़ा संदेश दिया है। विदेश मंत्री गिदोन सार ने वीडियो संदेश में कहा, “हमारे देश की राजधानी में यह एक भयानक आतंकवादी हमला था। फिलिस्तीनी हमलावरों ने यहूदियों की हत्या की, केवल इसलिए क्योंकि वे यहूदी थे। अब समय आ गया है कि दुनिया तय करे, वह इजराइल के साथ है या जिहादियों के साथ।”

भारत में मौजूद इजराइली प्रतिनिधिमंडल पर भी असर
इजराइल के वित्त मंत्रालय की महालेखाकार याली रोटहेनबर्ग, जो इस समय भारत दौरे पर हैं, ने बताया कि इस हमले में उनके एक कर्मचारी की मां की मौत हुई है। उन्होंने कहा, “जब हम ऐसी घटनाएं देखते हैं, तो यह हमें उन पुराने ज़ख्मों की याद दिलाती हैं जो आतंकवाद ने हमारे देश को दिए हैं। यह एक मानवता के खिलाफ युद्ध है, और हमें एकजुट होकर इसका मुकाबला करना होगा।” रोटहेनबर्ग इजराइल के वित्त मंत्री बेजेल स्मोट्रिच के नेतृत्व में भारत आए उच्च स्तरीय आर्थिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और संभावित प्रभाव
हालांकि अब तक किसी अंतरराष्ट्रीय संगठन ने हमले की आधिकारिक निंदा नहीं की है, लेकिन इस घटना से इजराइल-फिलिस्तीन के बीच तनाव और बढ़ सकता है। इससे मध्य-पूर्व में शांति प्रयासों को झटका लग सकता है। यूरोपीय और अमेरिकी नीति निर्माता एक बार फिर “इजराइल के सुरक्षा अधिकार” के समर्थन में लामबंद हो सकते हैं

क्या कहती है फिलिस्तीनी प्रतिक्रिया?
हमले को लेकर फिलिस्तीनी अथॉरिटी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि हमले की टाइमिंग और टारगेटिंग को देखते हुए, इजराइली प्रशासन ने हमास या इस्लामिक जिहाद जैसे कट्टरपंथी संगठनों की संलिप्तता की आशंका जताई है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
यरुशलम में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात कर दिया गया है। सभी प्रमुख स्थलों पर सख्त चेकिंग की जा रही है। संभावित प्रतिशोधी कार्रवाई को लेकर वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

Share This Article