[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

गुजरात में Arvind Kejriwal की रैली रद्द, पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश जारी, जानें क्या है यहां की स्थिति

गुजरात,07 सितम्बर : गुजरात में पिछले 24 घंटों से लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसकी वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और यातायात व्यवस्था भी ठप हो गई है। इन्हीं हालातों के चलते आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की आज चोटिला में होने वाली रैली को रद्द करना पड़ा।

केजरीवाल की यह सभा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत रखी गई थी, लेकिन मौसम की मार के आगे कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। आयोजकों ने बताया कि लगातार बारिश और सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

गुजरात में बारिश का कहर

राज्य के मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में 243 तालुकाओं में सामान्य से भारी वर्षा दर्ज की गई है।

वलसाड जिले के कपराडा तालुका में सबसे अधिक 10.5 इंच बारिश हुई है।

पोशिना में 6 इंच, और गढ़रामपुर (वलसाड) में 5.5 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उमरगाम और राधनपुर में 4.5 इंच, जबकि भचाऊ, लखनी, तलोदा में 4 इंच से अधिक बारिश हुई।

अहमदाबाद शहर में भी 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई है।

107 तालुकों में सामान्य वर्षा, 34 तालुकों में 1.5 इंच से अधिक और 38 तालुकों में 1 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

बारिश की तीव्रता ने कई ग्रामीण क्षेत्रों को भी प्रभावित किया है, जिससे फसलें और स्थानीय यातायात भी बाधित हो गया है।

देशभर में भारी बारिश का दौर जारी

सिर्फ गुजरात ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है और कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब चुकी हैं। कई राज्यों में राहत और बचाव कार्य भी जारी हैं।

प्रशासन सतर्क, अलर्ट जारी

गुजरात सरकार और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। कई इलाकों में NDRF की टीमें तैनात की गई हैं और लोगों को आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की भी खबरें हैं।

[metaslider id="133"]