भोपाल,07 सितम्बर । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में अतिवृष्टि और बाढ़ से उत्पन्न हालात पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य की मदद करना हमारा दायित्व है। इसी भावना के तहत मध्यप्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक पूरी ट्रेन राहत सामग्री भेज रही है।
डॉ. यादव ने रविवार को भोपाल के राजकीय विमानतल से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा समेत कई इलाकों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा “छत्तीसगढ़ सरकार जिस तत्परता और संवेदनशीलता से प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की मदद कर रही है, वह सराहनीय है। हम पड़ोसी राज्य के साथ खड़े हैं और हर संभव सहयोग करेंगे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश सरकार आसपास के हालातों पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरुरत पड़ने पर अतिरिक्त मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी।



