कोरबा,03 सितम्बर (वेदांत समाचार)। बालको प्रबंधन और भाजपा नेताओं के बीच हुई बैठक में एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। बैठक में तय किया गया है कि 31 अक्टूबर तक किसी भी पूर्व कर्मचारी को उनके घरों से नहीं निकाला जाएगा। साथ ही, बिजली, पानी और सीवरेज के कनेक्शन भी नहीं काटे जाएंगे।
इस समझौते के बाद भाजपा नेताओं ने 4 सितंबर को बालको टाउनशिप ऑफिस में तालाबंदी की चेतावनी वापस ले ली है। बैठक में बालको एडमिन हेड कैप्टन धनंजय मिश्रा, कुशाग्र कुमार, विजय वाजपेई, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं MIC सदस्य हितानंद अग्रवाल, सुमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष डीलेंद्र यादव समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक में यह भी तय किया गया है कि टाउनशिप कार्यालय में क्वाटर छोड़ने संबंधी प्रक्रिया और जानकारी के लिए अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, पूर्व कर्मचारियों के बचे हुए पैसों और बंद की गई मेडिकल सुविधाओं को शुरू करने के विषय पर भी चर्चा हुई।



