Vedant Samachar

श्री माता वैष्णो देवी यात्रा 9वें दिन भी ठप, भारी बारिश और भूस्खलन के कारण रास्ते बाधित

Vedant Samachar
2 Min Read

जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले की त्रिकुटा पहाड़ियों में खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार 9वें दिन भी रुकी रही। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मंदिर तक जाने वाले रास्ते बाधित हो गए हैं।

श्राइन बोर्ड लगातार हालात पर नज़र रख रहे
अधिकारियों का कहना है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और रास्तों को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक यात्रा फिर से शुरू नहीं की जाएगी। ज़िला प्रशासन और श्राइन बोर्ड लगातार हालात पर नज़र रख रहे हैं, जबकि राहत और बचाव दल अलर्ट पर हैं। कटरा का आधार शिविर पूरी तरह वीरान पड़ा है और कई श्रद्धालु यात्रा शुरू होने का इंतज़ार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि 27 अगस्त को भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से यात्रा रोक दी गई थी, जिसमें 34 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति बनाई है। यह समिति जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शालीन काबरा की अध्यक्षता में काम करेगी, जिसमें जम्मू के संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक भी शामिल हैं।

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के रियासी में 230.5 मिमी, कटरा में 193 मिमी और डोडा में 114 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जम्मू, बनिहाल, राजौरी, किश्तवाड़, बटोटे और पहलगाम समेत कई इलाकों में भी भारी वर्षा हुई। जम्मू-कश्मीर ही नहीं, बल्कि हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का असर देखा जा रहा है।

Share This Article