मध्य प्रदेश,03 सितम्बर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत समाज के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्यरत है। इसी कड़ी में जोहिला क्षेत्र द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है।
03 सितंबर 2025 को जोहिला क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक के.सी. साहू की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उमरिया के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस लाइन, उमरिया में महिला एवं बाल वन स्टॉप सेंटर की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता की स्वीकृति संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
एसईसीएल ने इस परियोजना के लिए ₹53.23 की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है।यह राशि जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उमरिया को उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से जिले में वन स्टॉप सेंटर की स्थापना की जाएगी।
वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को हिंसा, शोषण और उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करना है।
इस केंद्र में पीड़ितों को चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक एवं आर्थिक सहयोग जैसी सभी आवश्यक सेवाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
परियोजना के सफल कार्यान्वयन एवं संचालन की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक उमरिया को सौंपी गई है।
यह पहल न केवल महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी, बल्कि उनके सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उपस्थित अधिकारियों ने एसईसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए एक सशक्त सहारा बताया।



