Vedant Samachar

JIO IPO: क्या रिलायंस 44 लाख लोगों को फ्री देगी जियो के शेयर्स? ये रहा जवाब

Vedant Samachar
3 Min Read

देश की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ऐलान किया है कि उनकी टेलीकॉम और डिजिटल सेवाओं वाली कंपनी Jio Platforms अब IPO लाने की तैयारी में है. यह IPO 2026 की पहली छमाही में आ सकता है और इसके जरिए जियो 13.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक वैल्यूएशन वाली कंपनी बन सकती है.

लेकिन इस खबर के बीच RIL के 44 लाख शेयरधारकों के मन में एक बड़ा सवाल है कि क्या उन्हें Jio में सीधे हिस्सा मिलेगा या नहीं. बता दें कि साल 2023 में जब RIL ने अपनी फाइनेंशियल यूनिट Jio Financial Services को अलग किया था और इसकी लिस्टिंग पर RIL शेयरधारक को एक के बदले एक शेयर मुफ्त में मिला था.

IPO में निवेश करने पर ही मिलेंगे शेयर?
इस बार Jio के मामले में मुकेश अंबानी ने IPO का रास्ता चुना हैं यानी शेयरधारकों को जियो के शेयर मुफ्त में नहीं मिलेंगे बल्कि अगर वे हिस्सेदारी चाहते हैं तो उन्हें IPO में पैसे लगाकर शेयर खरीदना होगा. लेकिन भले ही RIL शेयरधारकों को सीधे जियो के शेयर न मिलें, लेकिन RIL की 66.3% हिस्सेदारी Jio Platforms में रहेगी. इसलिए कंपनी के मुनाफे का फायदा अंत में RIL को मिलेगा और यहीं से शेयरधारकों को इनडायरेक्ट रूप से लाभ हो सकता है.

ET की रिपोर्ट के अुसार, ब्रोकरेज हाउसेज़ जैसे एंटीक, जेफरीज, और गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि जियो का मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, ग्राहक वृद्धि, और टैरिफ में संभावित बढ़ोतरी RIL के लिए दीर्घकालिक फायदे लाएगी.

अब तक का सबसे बड़ा IPO?
अगर Jio का सिर्फ 5% हिस्सा भी बेचा जाता है, तो यह IPO 58,000-67,500 करोड़ रुपये जुटा सकता है. जो कि भारत के अब तक के सबसे बड़े IPO से भी बड़ा होगा. इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया (2024) ने करीब 27,870 करोड़ रुपये का IPO लाकर रिकॉर्ड बनाया था.

AGM में अंबानी ने यह भी इशारा किया कि जियो अब सिर्फ भारत नहीं बल्कि दुनिया भर में अपनी तकनीक और सेवाएं ले जाने की योजना बना रहा है. इसका मतलब है कि Jio के लिए ग्लोबल विस्तार और प्रीमियम वैल्यूएशन की संभावनाएं भी खुल गई हैं.

Share This Article