रायपुर,01सितम्बर (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में फिल्मी अंदाज़ का एक मामला सामने आया है। यहां भोपाल का रहने वाला एक युवक खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर घूम रहा था। चालान से बचने के लिए उसने पुलिस के सामने नकली आईडी कार्ड तक निकाल दिया, लेकिन उसकी सारी चालाकी उसी वक्त धराशायी हो गई जब पुलिस ने आईडी की तस्दीक की और उसकी हकीकत उजागर हो गई। आमानाका थाना पुलिस ने यह कार्रवाई 31 अगस्त की रात चंदनडीह चौक, नंदनवन जीई रोड पर वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की। इस दौरान एक एक्टीवा (क्रमांक MP04YJ1386) को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए रोका गया।
पुलिस ने जैसे ही वाहन चालक से नाम-पता पूछकर चालानी कार्रवाई शुरू की, उसने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो का सहायक केंद्रीय खुफिया अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया। कार्ड पर भारत सरकार, गृह मंत्रालय लिखा था और आरोपी पुलिस को चालान काटने से रोकने की कोशिश करने लगा।
लेकिन पुलिस टीम को उसके आईडी कार्ड पर शक हुआ। जब कार्ड की बारीकी से जांच की गई तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद युवक की पोल वहीं पर खुल गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान विशाल कुमार (29 वर्ष), निवासी श्रीनिवास रेजीडेंसी, भोपाल के रूप में हुई है। वह फिलहाल टिकरापारा थाना क्षेत्र के टैगोर नगर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 319(2), 336(3), 340(2) BNS और 184 MV Act के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है ताकि यह पता चल सके कि उसने इस नकली आईडी कार्ड का इस्तेमाल और किन-किन जगहों पर किया।



