Vedant Samachar

कुरुक्षेत्र में फर्नीचर वर्कशॉप में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Vedant Samachar
2 Min Read

कुरुक्षेत्र के शहर के झांसा रोड स्थित श्री कृष्णा फर्नीचर वर्कशॉप और लकड़ी के गोदाम में बुधवार तड़के करीब सुबह 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गोदाम में रखी लकड़ी और तैयार फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके साथ ही एक बाइक और बंधी हुई गाय भी आग की चपेट में आकर जल गई। राहत की बात यह रही कि किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की तीव्रता बढ़ने पर तीन और गाड़ियां मंगवाई गईं। दमकल कर्मियों ने करीब सुबह 9 बजे तक लगातार पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी।

स्थानीय लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आसपास के लोग दहशत में अपने घरों और दुकानों को खाली करने लगे। यदि समय पर आग काबू में नहीं आती तो आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंच सकता था।

इस हादसे में दुकान मालिक रोहित, जिसकी यह बिल्डिंग है, को भारी नुकसान हुआ है। रोहित ने यह बिल्डिंग गांधी नगर निवासी जनार्दन को किराए पर दी हुई थी। आग में रखा सारा कच्चा और तैयार माल जलकर खाक हो गया। अनुमान है कि नुकसान लाखों रुपये तक पहुंच सकता है।

फर्नीचर वर्कशॉप में लगी आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

Share This Article