वर्कशॉप में सेंधमारी, मशीनरी और गैस सिलिंडर ले गए चोर

बिलासपुर 10 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। : चकरभाठा के फर्नीचर वर्कशॉप में सेंधमारी करते हुए चोरों ने मशीनरी और गैस सिलिंडर पार कर दिया। पांच दिन बाद वर्कशॉप में लेबर पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने इसकी जानकारी मालिक को दी। इस पर वर्कशॉप के संचालक ने घटना की शिकायत चकरभाठा थाने में की है। वर्कशॉप संचालक की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

चकरभाठा में रहने वाले प्रशांत विदवानी (25 वर्ष) अनमोल इंड्रस्ट्रीज के नाम से फर्नीचर वर्कशॉप का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि चार अक्टूबर की शाम चार बजे वर्कशॉप बंद कर कर्मचारी घर चले गए। इसके बाद कर्मचारियों की छुट्टी के कारण वर्कशॉप बंद था। शनिवार को कर्मचारी काम पर आए। वर्कशॉप खुलने पर पता चला कि मशीनें और गैस सिंलिंडर गायब है। अंदर देखने पर पता चला कि चोरों ने वर्कशॉप की दो दीवारों में सेंधमारी की है। इसके बाद घुसे चोर मशीनरी ले गए। उन्हों ने इसकी जानकारी मालिक प्रशांत को दी। प्रशांत ने घटना की शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

संदेहियों से चल रही पूछताछ

शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इसके बाद आसपास के लोगों से संदेहियों के संबंध में पूछताछ की है। पुलिस की टीम ने आसपास के संदेहियों से पूछताछ की है। वहीं, चोरी के मामले में पहले पकड़े गए आरोपित के संबंध में पतासाजी की गई है। फिलहाल मामले में पुलिस को चोरों का सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने मालिक से दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों की भी जानकारी ली है।