वॉशिंगटन,26अगस्त। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक चौंकाने वाला बयान दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, चीन के साथ अच्छे संबंध कायम रखेगा, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका के पास ऐसे कार्ड्स हैं, जो चीन को बर्बाद कर सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे।
सोमवार को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि ‘हम चीन के साथ अच्छे संबंध रखेंगे। उनके पास भी कुछ पत्ते हैं, लेकिन हमारे पास शानदार पत्ते हैं, लेकिन मैं उन पत्तों का इस्तेमाल नहीं करूंगा। अगर वो पत्ते चले गए तो चीन बर्बाद हो सकता है, लेकिन मैं उन पत्तों को नहीं चलूंगा।’
ट्रंप ने कथित तौर पर संकेत दिया कि अगर चीन अमेरिका को मैग्नेट नहीं देता, जो ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उद्योगों के लिए जरूरी हैं, तो वे चीन पर 200% टैरिफ लगा सकते हैं। ट्रंप ने कहा, ‘उन्हें हमें मैग्नेट देना ही होगा।’ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने कहा, ‘अगर वे हमें मैग्नेट नहीं देते हैं, तो हमें उन पर 200 प्रतिशत टैरिफ या कुछ ऐसा ही करना होगा।’



