Vedant Samachar

48 घंटे से अंधेरे में गांव ट्रांसफार्मर खराब होने से आई समस्या..

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़,25अगस्त (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक के लक्ष्मीपुर ग्राम पंचायत के आश्रित गांव गवरघुटरी में पिछले दो दिनों से बिजली गुल है। करीब 200 की आबादी वाले इस गांव में लोग रात के समय दिए जलाकर किसी तरह रातें बिता रहे हैं। बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को तेज बारिश और खराब मौसम के चलते गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिसके बाद से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। शनिवार और रविवार की रात गांव अंधेरे में डूबा रहा। अब तक 48 घंटे बीतने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

गवरघुटरी गांव घने जंगलों से घिरा हुआ है और यहां तीन हाथियों का झुंड लगातार सक्रिय रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अंधेरा होने से हाथियों के गांव में घुसने का डर बना रहता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। गांव के निवासी भुवनेश्वर साहू ने बताया कि शनिवार दोपहर ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसके बाद से बिजली नहीं है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग आज धरमजयगढ़ के बिजली कार्यालय जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाया जा सके और गांव में बिजली बहाल हो सके।

Share This Article