पेंड्रा, 23 अगस्त 2025: कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने आज पेंड्रा में एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि बीजेपी के भीतरखाने में पनप रहे असंतोष का फायदा हम उठाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सीनियर नेताओं का एक गुट बन रहा है और हम संभावनाओं की तलाश में निकल गए हैं।
महंत ने कहा कि अमर अग्रवाल और अजय चंद्राकर हमारे पुराने मित्र रहे हैं और आज भी हैं। वो पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण में ससम्मान तरीके से बुलाना चाहिए था, पर दरबान को शपथ ग्रहण के दिन ही 8 बजे सुबह कार्ड देकर चले गए थे। उन्होंने शपथग्रहण में सम्मानजनक तरीके से नहीं बुलाए जाने की जमकर निंदा भी की।
महंत ने कहा कि नए विधायक जो मंत्री बने हैं वो पढ़े लिखे भले न हो पर संस्कारवान हों, ज्ञानी हो। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रथम और आदिवासी मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी की प्रतिमा को उनके गृह नगर और उनके गृह वार्ड में ही स्थापित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से न केवल मांग करूंगा बल्कि विधानसभा में भी इस बात को ध्यान आकर्षण कराऊंगा।



