क्लासिक लीजेंड्स ने गुरुवार को भारत में बीएसए स्क्रैम्बलर 650 लॉन्च की है. गोल्ड स्टार 650 के बाद बीएसए ब्रांड की ये दूसरी मोटरसाइकिल है. ये रेट्रो-थीम वाली स्क्रैम्बलर मोटरसाइकिल है, जिसमें मिनिमलिस्ट डिजाइन और दमदार इंजन है. भारतीय मोटरसाइकिल बाजार में 350 सीसी से कम सेगमेंट की मोटरसाइकिलों का दबदबा है, लेकिन 650 सीसी की ये मोटरसाइकिल उन ग्राहकों को आकर्षित करेगी जो कीमत की ज्यादा परवाह किए बिना ज्यादा पावर और परफॉर्मेंस चाहते हैं. बीएसए स्क्रैम्बलर 650 का मुकाबला रॉयल एनफील्ड बेयर 650 से होगा , जो इस सेगमेंट के प्रमुख मॉडलों में से एक है.
BSA Scrambler 650 vs Royal Enfield Bear 650: कीमत
बीएसए स्क्रैम्बलर 650 तीन कलर ऑप्शन में आती है और इसकी कीमत ₹ 324,950 से ₹340,950 (एक्स-शोरूम) के बीच है. वहीं, रॉयल एनफील्ड बेयर 650 पांच अलग-अलग कलर ऑप्शन में आती है और इसकी कीमत ₹ 375,393 से ₹ 397,538 (एक्स-शोरूम) के बीच है.
BSA Scrambler 650 vs Royal Enfield Bear 650: पावरट्रेन और स्पेसिफिकेशन
बीएसए स्क्रैम्बलर 650 में 652 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर, डीओएचसी, चार-वाल्व वाला इंजन लगा है जिसमें दो स्पार्क प्लग हैं. दिलचस्प बात ये है कि इसका 652 सीसी का इंजन बीएसए गोल्ड स्टार 650 में भी इस्तेमाल किया गया है. ये इंजन पांच-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है. ये 44.5 बीएचपी की अधिकतम पावर और 55 एनएम का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है.दूसरी ओर, रॉयल एनफील्ड बेयर 650 में 648 सीसी का इनलाइन, ट्विन-सिलेंडर, फोर-स्ट्रोक, एसओएचसी इंजन लगा है, जो छह-स्पीड ट्रांसमिशन से जुड़ा है. ये इंजन 46.75 बीएचपी की अधिकतम पावर और 56.5 एनएम का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है. इसका मतलब ये है कि, कागजों पर, रॉयल एनफील्ड बेयर 650, हाल ही में लॉन्च हुई बीएसए स्क्रैम्बलर 650 की तुलना में थोड़ी बेहतर पावर और टॉर्क आउटपुट जनरेट करती है.
BSA Scrambler 650 vs Royal Enfield Bear 650: फीचर्स
बीएसए स्क्रैम्बलर 650 में उबड़-खाबड़ सड़कों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सस्पेंशन ट्रैवल को बढ़ाया गया है. बाइक में आगे 320 मिमी और पीछे 255 मिमी का डिस्क ब्रेक लगा है, साथ ही ड्यूल-चैनल ABS भी दिया गया है. बीएसए स्क्रैम्बलर 650 में ऑफसेट डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. रॉयल एनफील्ड बियर 650 में ट्रिपर डैश, राउंड एलईडी हेडलाइट, डुअल-चैनल ABS भी मिलता है. वहीं, स्क्रैम्बलर स्टाइल, ऊंचा एग्जॉस्ट, अपसाइड-डाउन (USD) फ्रंट फोर्क्स, और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर भी मिलता है.
