Vedant Samachar

एशिया कप में पाकिस्तान से खेलेगा भारत:सरकार ने कहा- मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में खेलने पर रोक नहीं, द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेंगे

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,21अगस्त : एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने गुरुवार को कहा है- ‘मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तान से खेलने पर रोक नहीं है।’ मंत्रालय ने यह भी कहा कि बाइलैटरल सीरीज में इंडिया का स्टैंड बरकरार रहेगा। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी से एक लेटर साझा किया, इसमें इंटरनेशनल इवेंट्स के लिए भारत की पॉलिसी बताई गई है। इसके अनुसार, भारतीय टीमें पाकिस्तान में प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेंगी और न ही पाकिस्तान की टीमों को भारत में खेलने की अनुमति दी जाएगी।

लेकिन, इंटरनेशनल और मल्टीनेशनल इवेंट्स (चाहे भारत में हों या विदेश में) में भारत इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के नियमों और अपने खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगा। भारतीय टीमें और भारतीय खिलाड़ी उन इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा लेंगे, जिनमें पाकिस्तान की टीमें और खिलाड़ी भी शामिल होंगे। यह ठीक वैसा ही है, जैसे भारत में होने वाले मल्टीनेशनल इवेंट्स में पाकिस्तान की टीमें और खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे 2 दिन पहले 19 अगस्त को BCCI ने एशिया कप में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया था।

पहलगाम में आतंकी हमले के बाद क्रिकेट एशिया कप में भारत के पाकिस्तान से खेलने का विरोध हो रहा है। इस संबंध में सदन में भी सवाल उठा था। पूर्व क्रिकेटर्स की भारतीय टीम ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में पाकिस्तान से खेलने से इनकार कर दिया था।

भारत एशिया कप का मेजबान, लेकिन आयोजन UAE में हो रहा

इस साल भारत क्रिकेट एशिया कप का मेजबान है। पाकिस्तान के भारत में खेलने से इनकार के बाद इसे UAE में आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE से होगा।

भारत-पाकिस्तान के 3 मुकाबले हो सकते हैं

एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 3 मुकाबले हो सकते है। पहला मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। आगे जानिए 2 मैच और कैसे संभव…

दूसरा मैच: एशिया कप में लीग स्टेज के बाद सुपर-4 राउंड होगा। भारत-पाकिस्तान के सुपर-4 राउंड में पहुंचने पर 21 सितंबर को भारत-पाकिस्तान की दूसरी भिड़ंत हो सकती है।


तीसरा मैच : अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो 28 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप में तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।


हम इसे लगातार अपडेट कर रहे हैं..

Share This Article