Vedant Samachar

फिजी के प्रधानमंत्री Rabuka भारत दौरे पर… भारत-फिजी संबंधों में नया अध्याय

Vedant Samachar
2 Min Read

फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका आगामी रविवार को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। तीन दिवसीय इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका और एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा, जिसमें फिजी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा मंत्री रातू अटोनियो लालबालावु और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

पीएम मोदी संग भी करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री राबुका की यह यात्रा उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है, जो भारत-फिजी रिश्तों को नया आयाम देने वाली मानी जा रही है। 25 अगस्त को उनकी भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से महत्वपूर्ण मुलाकात निर्धारित है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर उनके सम्मान में दोपहर भोज का भी आयोजन करेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी तय मुलाकात

प्रधानमंत्री राबुका की मुलाकात भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी तय है, जो दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय राजनीतिक संवाद को और मजबूत करेगी। इसके अतिरिक्त, राबुका भारतीय विश्व मामलों की परिषद (ICWA) में “शांति का महासागर” विषय पर व्याख्यान देंगे, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के प्रति फिजी की प्रतिबद्धता स्पष्ट होगी।

Share This Article