02 मार्च 2025/ भारत के आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देश का पहला वर्ल्ड पीस सेंटर (विश्व शांति केंद्र) आज रविवार को गुरुग्राम के सेक्टर 39 में उद्घाटन होगा। यह केंद्र जैन आचार्य लोकेश मुनि के नेतृत्व और अहिंसा विश्व भारती के प्रयासों से स्थापित किया जा रहा है।
इस अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस समारोह में शामिल होंगे।
इस अवसर को और खास बनाने के लिए “विराट संत सम्मेलन” का आयोजन किया जा रहा है, जहां भारत के प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु अपने विचार साझा करेंगे। इनमें आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर, पतंजलि योगपीठ के संस्थापक योगऋषि स्वामी रामदेव, प्रसिद्ध राम कथावाचक मोरारी बापू, स्वामी अवधेशानंद और साध्वी ऋतंभरा शामिल हैं। ये सभी शांति, अहिंसा और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
आचार्य लोकेश मुनि ने बताया कि वर्ल्ड पीस सेंटर आध्यात्मिकता और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा। यह केंद्र शांति शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, समानता और संस्थागत शांति निर्माण के लिए एक मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर देश-विदेश से भारी उत्साह देखा जा रहा है, और बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुग्राम पहुंचे हैं।
यह केंद्र शांति और सद्भावना को बढ़ावा देने, सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने और सतत विकास के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पूरे देश से प्रतिष्ठित हस्तियों ने इस पहल को सराहा है और बधाई संदेश भेजे हैं।