Vedant Samachar

MP NEWS : उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को स्वर्ण पदक से किया सम्मान…

Vedant Samachar
2 Min Read

धार,21अगस्त । मध्य प्रदेश के धार जिले के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए भोपाल में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रियंक मिश्रा को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें नीति आयोग और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल संपूर्णता अभियान के तहत धार जिले के तिरला ब्लॉक में किए गए असाधारण कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

2024 में शुरू हुआ संपूर्णता अभियान नीति आयोग और मध्य प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य छह प्रमुख क्षेत्रों स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, सामाजिक विकास और वित्तीय समावेशन में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है। इस अभियान के तहत धार जिले के तिरला ब्लॉक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नेतृत्व में उल्लेखनीय प्रगति देखी गई। तिरला ब्लॉक में अभियान के तहत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया।

बच्चों के पूर्ण टीकाकरण को सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्कूलों में बिजली और किताबों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी गई। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इन प्रयासों ने क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में तिरला ब्लॉक ने विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं।

Share This Article