Vedant Samachar

भटगांव में फोरलेन बायपास की मांग, सांसद जांगड़े ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की मुलाकात…

Vedant Samachar
2 Min Read

भटगांव,21अगस्त (वेदांत समाचार) । नगर पंचायत भटगांव और सरसीवा में प्रस्तावित एनएच-130B (रायपुर से सारंगढ़) फोरलेन निर्माण के बीच से गुजरने की योजना को लेकर स्थानीय नागरिक और व्यापारी लंबे समय से बायपास की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को क्षेत्रीय सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष रखा।

जानकारी के अनुसार, रायपुर से सारंगढ़ तक 186 किलोमीटर सड़क का फोरलेन उन्नयन भारतमाला परियोजना अंतर्गत प्रस्तावित है। यह सड़क जांजगीर-चांपा संसदीय क्षेत्र के नगर पंचायत भटगांव और सरसीवा से होकर निकल रही है। दोनों ही नगर पंचायतें घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं। फोरलेन यदि सीधे नगर से होकर बनाया जाता है, तो बड़ी संख्या में मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित होंगे। इससे कई परिवारों को बेघर होना पड़ सकता है और व्यापारियों की आजीविका पर संकट खड़ा होगा।

इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने पत्र लिखकर नितिन गडकरी से आग्रह किया है कि भटगांव और सरसीवा में बायपास निकाला जाए ताकि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो सके। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल भी उनके साथ मौजूद रहे।

जैसे ही यह जानकारी क्षेत्रीय नागरिकों तक पहुंची, नगरवासियों और व्यापारियों ने सांसद जांगड़े का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि सांसद ने उनकी समस्याओं को सही मंच पर पहुंचाकर उनकी आवाज को मजबूती दी है।

Share This Article