जगदलपुर,19अगस्त (वेदांत समाचार) । बस्तर संभाग में मौसम विभाग के द्वारा जारी अलर्ट के बाद से लगातार दो दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते केके रेललाइन पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं पिछले तीन दिनों से आंध्रप्रदेश के अरकू और ओडिशा के कोरापुट क्षेत्र में लगातार मूसलाधार वर्षा हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ट्रेनों का मार्ग बदल दिया है।
रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसी कारण अगले दो दिन यानी 18 और 19 अगस्त को विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस को विजयनगरम और रायगढ़ा मार्ग से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा आज विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन केवल अरकू तक और किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर केवल कोरापुट तक ही चलाई जाएगी ।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय सारिणी की पुष्टि अवश्य कर लें। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे संकेत मिलता है कि बारिश और तेज़ हो सकती है ।
इस स्थिति को देखते हुए कल यानी 19 अगस्त को दोनों ओर से पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे लगातार हालात पर नज़र रखे हुए है और आवश्यक निर्णय ले रहा है।



