[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

श्रीराम दरबार में धूमधाम से मना जन्माष्टमी उत्सव

कोरबा। श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी….हे नाथ नारायण वासुदेवा…! भक्ति गीतों से श्री राम दरबार सराबोर होता रहा। यहां भगवान श्री कृष्ण का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया गया। नटवर नागर के 5252 वें जन्मोत्सव के उत्साह में हर कोई डूबा रहा।
श्रीराम दरबार उत्सव समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया श्री कृष्ण लला का जन्मोत्सव पर श्रीराम दरबार की विशेष सजावट की गई तथा आने वाले भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से रात्रि 12 बजे मनाया गया। 12 बजते ही जन्म की खुशी में बैण्ड बाजा बजाए गए और आतिशबाजी से आकाश गुंजायमान होता रहा। आरती के पश्चात भगवान को पालना में झुलाने के लिए भक्त उमड़ पड़े।


जन्माष्टमी पर सुबह से ही श्री राम दरबार में भक्तों का आना-जाना लगा रहा व सभी ने पुण्य दर्शन लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर बालकों ने कृष्णा तो बालिकाओं ने राधा रानी का वेष धारण कर सबको मंत्रमुग्ध किया और भक्ति गीतों पर बच्चों सहित हर कोई झूमते नजर आए।
मंदिर परिसर में छोटे बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था जिसमें बच्चों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया और मटकी फोड़ के आनंद से सराबोर कराया।
इस दौरान हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की….., नंद के आनंद भयो जै कन्हैया लाल की…. जैसे अनेक जयकारों से श्रीराम दरबार गूँजता रहा। समस्त आयोजन को सफल बनाने में श्री राम दरबार उत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का सहयोग रहा।

[metaslider id="133"]