Vedant Samachar

कोरबा में पूर्व खेल अधिकारी के घर चोरी, घर का ताला तोड़कर सामान और कार ले गए चोर

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,17 अगस्त (वेदांत समाचार)। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने कमला नेहरू महाविद्यालय के पूर्व खेल अधिकारी एसके शर्मा के घर को निशाना बनाया है। चोरी की यह वारदात सुभाष चौक से कुछ दूरी पर स्थित एमआईजी 53 फेस 2 में हुई है।

चोरों ने घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में रखे सामान के साथ आंगन में खड़ी कार भी चुरा ले गए। यह दूसरी बार है, जब चोरों ने इसी घर को निशाना बनाया है। पहली बार चोरों ने केवल ताला तोड़ा था, लेकिन कुछ नहीं चुराया था।

ताला टूटा देख पड़ोसियों ने दी सूचना

आज सुबह जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो फौरन डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचित किया। मकान मालिक एसके शर्मा त्योहार के लिए हैदराबाद गए हुए हैं। सूचना मिलते ही वे कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। उनके आने के बाद ही चोरी के सामान का सही आकलन हो सकेगा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिविल लाइन थाना के सब इंस्पेक्टर सुमन पोया के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंच गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इनकी मदद से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

Share This Article