हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
कवर्धा ,16अगस्त (वेदांत समाचार)। आचार्यपंथ गृंधमुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में जिले का 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में सांसद संतोष पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री का संदेश जनता के नाम पढ़ा।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंजा और पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर स्वतंत्रता का उल्लास व्यक्त किया गया।
परेड और मार्चपास्ट
आरआई महेश्वर सिंह और द्वितीय कमांडर त्रिलोक प्रधान के नेतृत्व में कुल 11 परेड दलों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसमें 17वीं वाहिनी छग बल, जिला पुलिस बल पुरुष-महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी (पीजी कॉलेज, स्वामी करपात्री स्कूल, आत्मानंद स्कूल) और जिला गाइड टीम शामिल रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जिले के 6 शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित नृत्य, गीत और एरोबिक की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
प्रथम स्थान : कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कवर्धा
द्वितीय स्थान : पीएमश्री स्कूल कवर्धा
तृतीय स्थान : स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल करपात्री चौक
अन्य विद्यालयों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
शहीदों के परिजनों का सम्मान
समारोह में कबीरधाम जिले के शहीद जवानों झल्लु प्रसाद नेवले, चंद्र सिंह मेरावी और नरेन्द्र शर्मा के परिजनों को सांसद संतोष पाण्डेय ने शॉल, श्रीफल और उपहार भेंटकर सम्मानित किया।
अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 90 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसमें पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, वन, समाज कल्याण और अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।
समारोह में मंचासीन अतिथियों में कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, विधायक भावना बोहरा, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



