मुंबई, 15 अगस्त 2025: सोनी सब का पुष्पा इम्पॉसिबल अपनी प्रेरणादायक कहानी और भावनात्मक गहराई से भरे किरदारों के साथ लगातार दर्शकों का दिल जीत रहा है। वकील बनने के अपने सपने की राह पर बढ़ रही पुष्पा (करुणा पांडे) के सामने अब नए ऐसे इम्तिहान हैं, जो न केवल उसकी हिम्मत बल्कि उसके करीबी रिश्तों की मजबूती को भी परखेंगे। हाल के एपिसोड में दर्शकों ने देखा कि पुष्पा, प्रोफेसर शास्त्री (गौरव चोपड़ा) पर लगे झूठे छेड़छाड़ के आरोपों के खिलाफ चुप नहीं बैठती और उनके नाम पर लगा दाग साफ़ करने के लिए सबूत जुटाने में लग जाती है।
आने वाले एपिसोड में बापोदरा चाल में तनाव तब चरम पर पहुँच जाता है जब जुगल (अंशुल त्रिवेदी) अपनी अलग रह रही पत्नी कादम्बरी (बृंदा त्रिवेदी) से साफ कह देता है कि वह यहाँ से चली जाए। लेकिन कादम्बरी हार मानने के लिए तैयार नहीं होती। उल्टा, वह पुष्पा को एक साहसिक चुनौती देती है—अगर इस जन्माष्टमी पर दही हांडी प्रतियोगिता में पुष्पा उसे हरा दे, तो वह हमेशा के लिए चाल छोड़ देगी।
क्या पुष्पा इस पर्व को अपनी सबसे बड़ी जीत में बदल पाएगी, या कादम्बरी के पास कोई और चाल बाकी है?
ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग के बारे में करुणा पांडे कहती हैं, “पुष्पा इम्पॉसिबल में इस बार की जन्माष्टमी खास है क्योंकि यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि सही के लिए खड़े होने का प्रतीक है। पुष्पा, कादम्बरी की चुनौती सिर्फ दही हांडी जीतने के लिए नहीं, बल्कि अपने घर और अपने लोगों की रक्षा के लिए स्वीकार करती है। कृष्ण जी का संदेश है कि चुनौतियों का सामना बुद्धि और साहस से करना चाहिए, और यही ऊर्जा पुष्पा इस पल में लेकर आ रही है।”
देखिए पुष्पा इम्पॉसिबल, हर सोमवार से शनिवार, रात 9 बजे, सिर्फ सोनी सब पर



