मुंबई : बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपने फैंस का मनोरंजन हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ से कर रहे हैं. बॉक्स ऑफिस पर ये पिक्चर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. हालांकि आज हम आपको अक्षय की एक ऐसी फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जिसने अपने बजट से 5 गुना ज्यादा की कमाई की थी. ये एक मल्टीस्टारर फिल्म थी जो करीब 6 साल पहले रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था.
अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में उनके अपोजिट करीना कपूर खान लीड रोल में नजर आई थीं. वहीं दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि यहां पर हम आपसे फिल्म गुड न्यूज की बात कर रहे हैं, जो नाम की तरह ही बॉक्स ऑफिस पर भी इन सितारों के लिए गुड न्यूज लेकर आई थी.
बजट से 5 गुना ज्यादा हुई थी कमाई
एक से बढ़कर एक सितारों से सजी फिल्म गुड न्यूज 27 दिसंबर 2019 को रिलीज हुई थी. इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म का डायरेक्शन राज मेहता ने किया था. जबकि अक्षय कुमार ने इसे शशांक खैतान और करण जौहर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया था. गुड न्यूज में अक्षय, कियारा, करीना और दिलजीत के साथ आदिल हुसैन, टिस्का चोपड़ा, अंजना सुखानी और फैसल राशिद जैसे कलाकार भी नजर आए थे.
मेकर्स ने गुड न्यूज को करीब 60 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया था. वहीं फिल्म ने अपने बजट से पांच गुना ज्यादा का कारोबार किया था और ये सुपरहिट साबित हुई थी. भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस पिक्चर ने 205 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 316 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी.
100 करोड़ के करीब ‘जॉली LLB 3’
अक्षय कुमार के साथ जॉली एलएलबी 3 में अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. सुभाष कपूर के डायरेक्शन में बनी ये पिक्चर 19 सितंबर को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है. फिल्म ने 8 दिनों में अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 78 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. उम्मीद है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी.



