अजमेर,13अगस्त । राजस्थान के अजमेर जिले के नसीराबाद इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां दादा की अंगुली पकड़कर सड़क पार कर रही ढाई साल की बच्ची को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची करीब 20 फीट तक घसीटती चली गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का विवरण नसीराबाद के बलंवता चौराहा निवासी अशोक कुमार ने 11 अगस्त को सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को वह अपनी पोती कृषिका (उम्र 2 साल 6 महीने) के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी अचानक एक बाइक तेज रफ्तार में आई और कृषिका को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची करीब 20 फीट तक बाइक के साथ घसीटती चली गई। हादसे के बाद घबराए दादा अशोक कुमार ने बाइक सवार को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह तेज गति से भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत नसीराबाद हॉस्पिटल ले जाया गया।
वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल रेफर किया गया। बच्ची का इलाज होने के बाद 9 अगस्त को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे की रिपोर्ट दर्ज होने के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपी बाइक सवार तक नहीं पहुंच सकी है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक भंवर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि व्यस्त चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्ती करनी चाहिए और इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय करने चाहिए।
